सूने घरों को बनाते थे निशाना, अजीतमल पुलिस ने दो शातिर चोर किए गिरफ्तार
- DSS Admin
- Jun 19, 2026
औरैया, 19 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद की अजीतमल कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार काे चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से चोरी के जेवरात बेचकर प्राप्त किए गए 2 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। दोनों आरोपी लंबे समय से सूने घरों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। पुलिस के अनुसार आरोपियों पर कई संगीन मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने बताया अजीतमल थाना क्षेत्र निवासी कामनी देवी ने 18 अप्रैल 2026 को थाने में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोरों ने रात के समय उनके घर में घुसकर अलमारी का ताला तोड़ दिया। चोर घर में रखे 25 हजार रुपये नकद, दो अंगूठियां, पायल, कानों के टॉप्स और मंगलसूत्र चोरी कर ले गए थे। मामले में थाना अजीतमल में मु0अ0स0 161/26 धारा 331(4)/305 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। थाना अजीतमल पुलिस ने घेराबंदी कर सज्जन सिंह पुत्र गया प्रसाद राजपूत और बृजेश कुमार पुत्र मिजाजीलाल अहिरवार को गिरफ्तार कर लिया। दाे लाख रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ में आरोपिताें ने गढ़ा आजाद नगर के दो सूने घरों तथा ग्राम पृथ्वीपुर में भी चोरी की वारदात करना कबूल किया है।
गिरफ्तार आरोपित सज्जन सिंह के खिलाफ दो दर्जन से अधिक तथा बृजेश कुमार के खिलाफ एक दर्जन से अधिक मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस आरोपिताें के आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच कर रही है।
--------------

