दिबियापुर में इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख
- DSS Admin
- Jun 30, 2026
औरैया, 30 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में दिबियापुर नगर के दुर्गा नगर क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान में भीषण आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हो गया। आग इतनी भयावह थी कि दुकान में रखा इलेक्ट्रॉनिक सामान और एक मोटरसाइकिल पूरी तरह जलकर राख हो गए। हालांकि समय रहते दमकल विभाग की सक्रियता से आग को आसपास की दुकानों और मकानों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, दुर्गा नगर स्थित श्री बांके बिहारी ट्रेडर्स इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान में मंगलवार तड़के करीब ढाई बजे अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। रात के समय दुकान बंद होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और देखते ही देखते पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों ने धुआं और आग की लपटें उठती देख तत्काल फायर स्टेशन को सूचना दी।
अग्निकांड की सूचना सुबह करीब 3:55 बजे फायर स्टेशन को प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। आग की गंभीरता को देखते हुए औरैया फायर स्टेशन से तीन दमकल गाड़ियां भेजी गईं, जबकि गेल और एनटीपीसी फायर स्टेशन से भी एक-एक दमकल वाहन बुलाया गया। कुल पांच दमकल गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान चलाया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) के निर्देश पर फायर स्टेशन सेकेंड ऑफिसर देवेश तिवारी और तेजवीर सिंह के नेतृत्व में दमकल कर्मियों ने कई घंटों तक लगातार मशक्कत कर आग पर काबू पाया। दमकल कर्मियों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते आग को आसपास की अन्य दुकानों और रिहायशी भवनों तक फैलने से रोक लिया गया।
दुकान मालिक आशीष मिश्रा ने बताया कि आग से करीब 10 से 15 लाख रुपये मूल्य का इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर नष्ट हो गया। दुकान में खड़ी एक मोटरसाइकिल भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। फिलहाल पुलिस और अग्निशमन विभाग आग लगने के कारणों की जांच में जुटे हुए हैं।
---------------

