फार्म हाउस के पास अचेत मिले बुजुर्ग की मौत, परिजनों ने जताई साजिश की आशंका
- DSS Admin
- Jun 19, 2026
औरैया, 19 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में बाबरपुर कस्बे के अशोक नगर निवासी 67 वर्षीय प्रहलाद सिंह राजपूत की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से परिवार में कोहराम मच गया। शुक्रवार सुबह वह एक परिचित के साथ घर से निकले थे, लेकिन कुछ देर बाद उम्मेदपुर रोड स्थित फार्म हाउस के पास अचेत अवस्था में पड़े मिले। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब सात बजे वह एक परिचित व्यक्ति के साथ मोटरसाइकिल से घर से निकले थे। कुछ समय बाद उम्मेदपुर निवासी एक युवक ने सूचना दी कि वह उम्मेदपुर रोड पर अशोक यादव के फार्म हाउस के समीप अचेत अवस्था में पड़े हैं।
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें आनन-फानन में सीएचसी अजीतमल ले गए, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों का कहना है कि प्रहलाद सिंह पूरी तरह स्वस्थ होकर घर से निकले थे। उन्होंने मामले की गहन जांच कर वास्तविक कारण सामने लाने की मांग की है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी मनोज गंगवार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा। यदि किसी प्रकार के संदिग्ध तथ्य सामने आते हैं तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
---------------

