औरैया : सपा का पीडीए वृक्षारोपण अभियान, पौधरोपण कर पर्यावरण बचाने का लिया संकल्प
- DSS Admin
- Jul 06, 2026
औरैया, 06 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में समाजवादी पार्टी (सपा) की ओर से चलाए जा रहे पीडीए वृक्षारोपण अभियान के तहत सोमवार को सदर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत शेखूपुर जैनपुर में भव्य पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और उनकी देखभाल का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने कहा कि समाजवादी पार्टी पर्यावरण संरक्षण को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के जन्मदिवस के अवसर पर शुरू किया गया यह पीडीए वृक्षारोपण अभियान जनपद भर में निरंतर चल रहा है, जो आगामी 7 जुलाई तक जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और लगातार कम हो रहे पेड़ों के कारण पर्यावरण संतुलन प्रभावित हो रहा है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा करने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी गांव-गांव और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का कार्य कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। सभी ने पौधारोपण कर हरियाली बढ़ाने और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया।
इस मौके पर प्रदेश सचिव पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ भगवती देवी निषाद, प्रेम निषाद, अनिल गौतम, बबलू निषाद, माधव निषाद, निहाल सहित बड़ी संख्या में समाजवादी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------

