औरैया : संभावित बाढ़ और आपदाओं से बचाव को लेकर फरिहा व जुहीखा में लगी राहत चौपाल

औरैया, 01 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में संभावित बाढ़, अतिवृष्टि और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से होने वाली जनहानि एवं पशुहानि को कम करने के उद्देश्य से औरैया सदर ब्लॉक की ग्राम पंचायत फरिहा एवं जुहीखा में बुधवार काे राहत चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में ग्रामीणों को आपदा के समय सतर्क रहने और सुरक्षित रहने के उपायों की विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही 8वीं वाहिनी एनडीआरएफ, गाजियाबाद की टीम ने आपदा जोखिम न्यूनीकरण को लेकर सामुदायिक जागरूकता कार्यक्रम भी चलाया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अविनाश चंद्र मौर्य ने की। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के दौरान जागरूकता और समय पर सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है। ग्रामीणों को बाढ़ के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों, सुरक्षित स्थानों पर जाने, बिजली उपकरणों से दूरी बनाए रखने तथा प्रशासन के निर्देशों का पालन करने के बारे में जानकारी दी गई। इसके साथ ही “क्या करें और क्या न करें” विषय पर भी लोगों को विस्तार से समझाया गया।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी अजीतमल गरिमा सोनकिया, आपदा विशेषज्ञ, ग्राम लेखपाल, ग्राम सचिव अरमान खान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में अफवाहों से बचें और तत्काल प्रशासन को सूचना दें।

एनडीआरएफ के सब-इंस्पेक्टर रूपेश कुमार एवं उनकी टीम ने ग्रामीणों को बाढ़ समेत विभिन्न प्रकार की प्राकृतिक आपदाओं से बचाव के उपायों की व्यवहारिक जानकारी दी। टीम ने आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित निकासी, प्राथमिक उपचार, डूबते व्यक्ति को बचाने के तरीके तथा जान-माल की सुरक्षा के उपायों का प्रदर्शन कर लोगों को प्रशिक्षित किया।

ग्रामीणों ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और एनडीआरएफ टीम की ओर से दिए गए प्रशिक्षण को उपयोगी बताया। प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया कि संभावित आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जा रही हैं।

---------------

   

सम्बंधित खबर