हेयर सैलून खोलने जा रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, पंचर होने से खड्ड में गिरी बाइक

औरैया, 12 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सहायल थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। अघारा गांव निवासी शिवम सविता अपने बड़े भाई मोनू सविता के साथ शुक्रवार सुबह सौंथरा अड्डा स्थित अपने हेयर सैलून को खोलने के लिए जा रहे थे। जैसे ही वे दिनवामऊ मोड़ के समीप पहुंचे, उनकी अपाचे बाइक का पिछला पहिया अचानक पंचर हो गया। इससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे खड्ड में जा गिरी।

हादसे में शिवम सविता के सिर में गंभीर चोटें आईं, जबकि उनके बड़े भाई मोनू सविता को मामूली चोटें लगीं। घटना के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए घायल शिवम को निजी वाहन से दिबियापुर के एक अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

मृतक के बड़े भाई मोनू सविता ने बताया कि दोनों भाई रोज की तरह सुबह सैलून खोलने के लिए निकले थे। शिवम दो भाइयों में सबसे छोटे थे। उनकी शादी करीब तीन वर्ष पूर्व हुई थी। उनके असमय निधन से परिवार में कोहराम मच गया है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। घटना की सूचना मिलते ही सहायल थाना प्रभारी विनोद कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई में जुट गए।

---------------

   

सम्बंधित खबर