औरैया में युवक ने फंदे से लटक कर दी जान

औरैया, 29 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में फफूंद थाना क्षेत्र के गांव लालपुर में एक युवक ने रविवार देर रात अपने घर में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। सोमवार सुबह पड़ोस की महिला ने उसका शव छप्पर में रस्सी के सहारे लटका देखा, जिसके बाद गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

गांव लालपुर निवासी 28 वर्षीय पवन नाथ पुत्र मैनू नाथ मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। वह पत्नी बबली देवी और दो बेटों के साथ गांव में अलग कच्चे मकान में रहता था। परिजनों के अनुसार करीब 15 दिन पहले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के बाद पत्नी छोटे बेटे जयदेव को लेकर झींझक क्षेत्र के गांव जलियापुर स्थित मायके चली गई थी। तभी से पवन घर में अकेला रह रहा था।

मृतक के बड़े भाई सुनील ने बताया कि विवाद के दौरान पत्नी के मायके पक्ष के लोगों ने पवन के साथ मारपीट भी की थी। थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

--------------

   

सम्बंधित खबर