आगरा में सीईसी ज्ञानेश कुमार ने परिवार संग किए महादेव के दर्शन, बोले- शुद्ध मतदाता सूची ही निष्पक्ष चुनाव की नींव
- DSS Admin
- Jun 02, 2026
आगरा, 02 जून (हि.स.)। देश के मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार दाे दिवसीय पारिवारिक दौरे पर उत्तर प्रदेश के आगरा आए हुए हैं। वह मंगलवार काे परिवार के साथ प्रसिद्ध कैलाश मंदिर पहुंचे और विधि-विधान के अनुसार भगवान शिव की पूजा-अर्चना की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
मंदिर दर्शन के बाद मीडिया से बात करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि पांच राज्यों में सफल चुनावों के बाद मैं और मेरी पत्नी अनुराधा माता-पिता का आशीर्वाद लेने अपनी मातृभूमि आए। यहां उनका आशीर्वाद लेने के बाद हम कैलाश मंदिर आए और महादेव के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
उन्होंने मतदाताओं से आग्रह करते हुए कहा कि वे अपना वोटर आईडी कार्ड अवश्य बनवाएं और चुनावों में अपना वोट डालें। उन्होंने कहा कि एक शुद्ध मतदाता सूची ही निष्पक्ष चुनावों की नींव होती है। आइए, हम सब मिलकर भारत के चुनावों में सक्रिय रूप से भाग लें।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार सोमवार को शाम साढ़े चार बजे आगरा की विजय नगर कॉलोनी स्थित अपने पैतृक आवास पहुंचे थे और मां सत्यवती और पिता डॉ. सुबोध गुप्ता के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद शाम 5:30 बजे जिलाधिकारी आवास पहुंचे। उनके दामाद मनीष बंसल को हाल ही में आगरा का जिलाधिकारी बनाया गया है, जबकि उनकी बेटी मेधा रूपम पहले से ही नोएडा में जिलाधिकारी हैं। वे दूसरे दिन मंगलवार शाम काे दिल्ली लौट जाएंगे।
----------------

