यूपी बीएड जेईई : 31 मई को 1011 केंद्रों पर होगी परीक्षा, 4.44 लाख अभ्यर्थी होंगे शामिल
- DSS Admin
- May 21, 2026
कुलपति ने गुरुवार को अपराह्न आधिकारिक रूप से जारी किए प्रवेश पत्र
झांसी, 21 मई (हि.स.)। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय ने उत्तर प्रदेश बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई) 2026 के एडमिट कार्ड गुरुवार को जारी कर दिए। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मुकेश पाण्डेय ने दोपहर 2:30 बजे आधिकारिक रूप से प्रवेश पत्र जारी किए। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट से लॉगिन आईडी और पासवर्ड के माध्यम से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
इस वर्ष प्रदेश के 72 जनपदों से कुल 4,44,958 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। परीक्षा आगामी 31 मई को उत्तर प्रदेश के 72 जिलों में बनाए गए 1011 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
बीएड प्रवेश परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभ्यर्थियों को समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने तथा प्रवेश पत्र पर अंकित दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।
गौरतलब है कि संयुक्त प्रवेश परीक्षा के माध्यम से प्रदेश के सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी कॉलेजों में संचालित दो वर्षीय बीएड पाठ्यक्रम में प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षा के सफल संचालन के लिए बुंदेलखंड विश्वविद्यालय और जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
---------------

