रंगदारी नहीं देने पर व्यापारी के घर पहुंचे बदमाश,दी जान से मारने की धमकी

बिजनौर, 12 जून (हि.स.) | उत्तर प्रदेश के बिजनौर शहर के एक बडे़ व्यापारी को कुछ बदमाशों ने जान से मारने की धमकी देकर रुपये देने की मांग की है । पीड़ित व्यापारी ने पुलिस को जानकारी देते हुए सुरक्षा और कार्यवाही की मांग की है |

बृहस्पतिवार की रात्रि को व्यापारी विनीत अग्रवाल उर्फ लालू निवासी नई बस्ती के घर पर दो पहिया वाहन से आये चार युवकों ने फोन करके बाहर आने व रुपये नहीं देने पर मारने की बात कही। गली में शोर शराबा सुनकर आसपास के कई लोग भी बाहर आ गये ताे चारों युवक व्यापारी को मारने की धमकी देते हुए भाग गये| व्यापारी विनीत अग्रवाल ने 112 डायल पर फोन कर पुलिस को घटनाक्रम की जानकारी दी। माैके पर पहुंची पुलिस ने व्यापारी के बयान दर्ज किए हैं |

व्यापारी ने पुलिस क्षेत्राधिकारी को इस मामले की लिखित शिकायत करते हुए कहा है कि सत्यम चौधरी , अर्जुन कर्णवाल, गोलू सहित चार युवक मेरे घर आकर जान से मारने की धमकी देते हुए रुपये की मांग कर रहे थे। रुपए न देने पर मारने की धमकी देकर गए हैं। उन्होंने इन बदमाशों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है | थाना बिजनौर शहर कोतवाली प्रभारी अमर सिंह राठौड़ ने बताया की पुलिस क्षेत्राधिकारी को व्यापारी विनीत द्वारा दी गई तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है तथा मामले की जांच की जा रही है |

----------

   

सम्बंधित खबर