विद्युत समस्या को लेकर मुख्य अभियंता से मिले भाजपा जिलाध्यक्ष, दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग

मीरजापुर, 02 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज ने गुरुवार को विद्युत विभाग के मुख्य अभियंता से मुलाकात कर पूर्व भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष अनीता जोशी की विद्युत संबंधी समस्या से अवगत कराया। उन्होंने मामले में संबंधित उपखंड अधिकारी और अवर अभियंता (जेई) की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए निष्पक्ष जांच और कठोर कार्रवाई की मांग की।

जिलाध्यक्ष ने कहा कि संबंधित अधिकारियों की लापरवाही के कारण आम उपभोक्ताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मुख्य अभियंता से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने की मांग की। मुख्य अभियंता ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर नियमानुसार उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर लाल बहादुर सरोज ने कहा कि आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान होना चाहिए। किसी भी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भारतीय जनता पार्टी जनता के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष गंगासागर दुबे, बालेंदुमणि त्रिपाठी, मनोज जायसवाल, पूर्व महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष अनीता जोशी, जिला महामंत्री स्वामीनाथ सिंह, जिलामंत्री रोहित त्रिपाठी, मंडल अध्यक्ष नितिन विश्वकर्मा, जिला सह मीडिया प्रभारी शुभम जायसवाल तथा धर्मेंद्र विश्वकर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

   

सम्बंधित खबर