यूपी में मंडल गठन की प्रक्रिया को जल्द पूर्ण करेगी भाजपा

बैठक करते धर्मपाल

लखनऊ, 12 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश में सशक्त मंडल गठन की प्रक्रिया को जल्द पूर्ण करेगी। मंडल कार्यसमिति के गठन में अनुशासित, परिश्रमी एवं निष्ठावान कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण स्थान दिया जायेगा। इसके साथ ही महिला, अनुसूचित जाति तथा पिछडे़ वर्ग का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जायेगा। मंडलों में 61 सदस्यीय कार्यसमिति का गठन किया जाएगा। जिसमें 15 कार्यसमिति के पदाधिकारी होंगे तथा शेष कार्यसमिति के सदस्य होंगे।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने सोमवार को शान्तिदीप गार्डन में पश्चिम क्षेत्र के मंडल अध्यक्षों के साथ मंडल कार्यसमिति गठन को लेकर चर्चा की। इससे पहले अवध क्षेत्र के मंडल अध्यक्षों के साथ अयोध्या में बैठक हो चुकी है।

बैठक में धर्मपाल सिंह ने कहा कि मंडल ही संगठनात्मक कार्यक्रमों, अभियानों के प्रभावी क्रियान्वयन का प्रमुख केन्द्र है। इसके साथ ही चुनावी गतिविधियों के संचालन की धुरी भी है। प्रभावी मंडल कार्यसमिति से संगठन के उद्देश्य पूर्ण होते हैं। जो संगठन की विचारधारा तथा भाजपा सरकार की नीतियों व योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनता है। उन्होंने कहा कि प्रभावी तथा मजबूत मंडल की संरचना से मजबूत शक्ति केन्द्र की संरचना तैयार होती है। जिससे मजबूत बूथ की संरचना तैयार होकर भाजपा की विजय का आधार बनती है।

उन्होंने कहा कि मंडल में कार्यक्रमों एवं अभियानों के प्रभावी रूप से संचालन के लिए पार्टी के पुराने नेताओं तथा प्रत्येक कार्यकर्ता के साथ सतत सम्पर्क व संवाद होना चाहिए। इसके साथ ही मंडल के कार्यक्रमों में सभी की भागीदारी व जिम्मेदारी भी सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि मंडल अध्यक्ष प्रत्येक माह मंडल कार्यसमिति की बैठक सुनिश्चित करने के साथ अपने प्रवास सहित सभी कार्यक्रमों एवं कार्यों की डायरी मेन्टेन करने का स्वभाव निर्मित करें।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

   

सम्बंधित खबर