संदिग्ध परिस्थितियों में राजगीर मिस्त्री का शव मिलने से सनसनी, पुत्र ने जताई हत्या की आशंका
- DSS Admin
- Jun 30, 2026
मीरजापुर, 30 जून (हि.स.)। राजगढ़ थाना क्षेत्र के धनसिरिया गांव निवासी एक राजगीर मिस्त्री का शव मंगलवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में नदिहार गांव में एक महिला के घर के पास मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के पुत्र ने हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, धनसिरिया गांव निवासी 46 वर्षीय छोटे लाल राजगीर मिस्त्री था। वह पिछले करीब चार वर्षों से अपनी ससुराल नदिहार गांव में रहकर मकान निर्माण का कार्य करता था, जबकि उसका पुत्र और परिवार के अन्य सदस्य धनसिरिया गांव में ही रहते हैं।
मंगलवार सुबह छोटे लाल का शव उसके ससुराल से लगभग 100 मीटर दूर गांव के बाहर सड़क किनारे स्थित संतरा देवी के घर के पास पड़ा मिला। मृतक के नाक से खून निकल रहा था। बताया जा रहा है कि संतरा देवी भी राजगीर मिस्त्री हैं और दोनों साथ में निर्माण कार्य करते थे।
घटना की सूचना मिलते ही राजगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मृतक के परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे मृतक के पुत्र आशीष ने अपने पिता की हत्या किए जाने की आशंका व्यक्त की।
थाना प्रभारी बालमुकुंद मिश्रा ने बताया कि धनसिरिया निवासी एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
---------------

