मां विंध्यवासिनी के दरबार में मुख्यमंत्री योगी ने टेका मत्था
- DSS Admin
- Jul 08, 2026
मीरजापुर, 08 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को विंध्याचल पहुंचे और मां विंध्यवासिनी के दरबार में विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
उन्होंने दर्शन के बाद विंध्य कॉरिडोर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं के लिए बनाए गए सेफ हाउस का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री निर्धारित कार्यक्रम के तहत हेलीकॉप्टर से मोतीझील हेलीपैड पहुंचे। वहां से सड़क मार्ग से मां विंध्यवासिनी मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना की। दर्शन-पूजन के उपरांत मुख्यमंत्री ने विंध्य कॉरिडोर में निर्मित सेफ हाउस का अवलोकन किया और अधिकारियों से इसकी उपयोगिता तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
इसके बाद मुख्यमंत्री अष्टभुजा स्थित लोक निर्माण विभाग के डाक बंगले की ओर रवाना हो गए।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पूरे विंध्यधाम में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मंदिर परिसर, कॉरिडोर और प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल तैनात रहा। जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी पूरे कार्यक्रम के दौरान व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे।
---------------

