मुख्यमंत्री के संभावित विंध्याचल दौरे को लेकर प्रशासन सतर्क, तैयारियों का लिया जायजा

मीरजापुर, 01 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित विंध्याचल दौरे की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। बुधवार को मंडलायुक्त राजेश प्रकाश, पुलिस उपमहानिरीक्षक पूनम, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार तथा पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने विंध्यधाम पहुंचकर विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सबसे पहले मोतिया झील स्थित हेलीपैड का जायजा लिया। इसके बाद विंध्यवासिनी मंदिर के गेट संख्या-एक के पास निर्माणाधीन सुरक्षित विश्राम कक्ष (सेफ हाउस) का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति देखी। मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की आवाजाही, विशिष्ट अतिथि मार्ग, बैरिकेडिंग तथा स्वच्छता व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।

बाद में अष्टभुजा डाकबंगले में अधिकारियों की बैठक हुई, जिसमें सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, मंदिर परिसर की तैयारियों और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध ढंग से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री के संभावित दौरे के दौरान विंध्य कॉरिडोर, कालीखोह एवं अष्टभुजा मंदिर के सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति की समीक्षा हो सकती है। साथ ही विंध्य विश्वविद्यालय के निर्माण कार्य तथा आगामी शारदीय नवरात्र मेले की तैयारियों का भी जायजा लिए जाने की संभावना है। हालांकि, मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

------------------

   

सम्बंधित खबर