विंध्यधाम में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का गौ रक्षा मंत्र, बोले- इस बार गाय के नाम पर करें मतदान
- DSS Admin
- May 12, 2026
- गविष्ठी यात्रा के तहत विंध्याचल पहुंचे स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा अटल चौराहा
मीरजापुर, 12 मई (हि.स.)। गविष्ठी यात्रा के तहत मंगलवार को विंध्यवासिनी धाम पहुंचे ज्योतिर्पीठाधीश्वर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने गौ रक्षा को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने लोगों से आगामी चुनाव में सड़क, बिजली और पानी से ऊपर उठकर गौ रक्षा के मुद्दे पर मतदान करने की अपील की।
विंध्याचल के अटल चौराहा पर उनका हर-हर महादेव के उद्घोष के बीच भव्य स्वागत किया गया। प्रधान श्रृंगारिया शिवजी महाराज ने अंगवस्त्र व माल्यार्पण कर उनका अभिनंदन किया। इसके बाद आयोजित सभा में उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है जब सनातन समाज को गौ माता की रक्षा के लिए एकजुट होकर निर्णय लेना होगा।
सभा को संबोधित करते हुए स्वामीजी ने कहा कि सरकारी आंकड़ों के अनुसार उत्तर प्रदेश से बड़े पैमाने पर गौ मांस का निर्यात होता है। उन्होंने सवाल उठाया कि गौ रक्षा की बात करने वाली सरकारें आखिर ऐसे निर्यात के लिए लाइसेंस क्यों देती हैं।
स्वामीजी ने कहा कि हिंदू समाज किसी भी ऐसे व्यक्ति का समर्थन नहीं कर सकता जो गाय को नुकसान पहुंचाने वालों के साथ खड़ा हो। उन्होंने कहा, गाय का दूध और गाय का खून एक मटके में नहीं रखा जा सकता।
81 दिन चलेगी गविष्ठी यात्रा
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने बताया कि गौ रक्षा और सनातन धर्म जागरण के उद्देश्य से निकाली गई 81 दिवसीय गविष्ठी यात्रा प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। यात्रा का समापन 20 जुलाई को लखनऊ में होगा, जबकि 24 जुलाई को गौ रक्षा संकल्प के साथ प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।
नेताओं पर साधा निशाना
सभा के दौरान स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कुछ नेताओं और सरकारों पर दोहरी नीति अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हिंदुत्व की बात करने वाले लोग भी वोट के लिए गौ मांस खाने वालों को साधने में जुटे हैं। उनके बयान के दौरान सभा स्थल पर मौजूद श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ समर्थन जताया।

