लखनऊ, 23 मई (हि.स.)। प्रदेश की राजधानी लखनऊ के आशियाना थाना क्षेत्र में शनिवार को एक व्यक्ति का शव मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। सूचना पर सहायक पुलिस आयुक्त कैंट अभय कुमार मल्ल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का गहन निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाया।
सहायक पुलिस आयुक्त ने बताया कि थाना आशियाना पर सूचना प्राप्त हुई कि थाना क्षेत्रान्तर्गत बंगला बाजार स्थित भदरुख क्षेत्र में एक व्यक्ति का शव मिला है। उसकी हत्या कर दी गई है। सूचना प्राप्त होते ही थाना प्रभारी आशियाना मय पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। उसकी पहचान भदरुख निवासी ओमप्रकाश (60) के रूप में हुई। प्रथम दृष्टया निरीक्षण में मृतक का पेट फूला हुआ और मुंह से झाग निकल रहा था। कंधे पर हल्के चोट के निशान दिखाई दिए जोकि पुराना प्रतीत हो रहा है। शरीर पर अन्य कोई गंभीर जाहिरा चोट के निशान नहीं पाए गए।
प्रारंभिक पूछताछ में क्षेत्रीय निवासियों एवं परिजनों ने बताया कि ओमप्रकाश एवं उनके सौतेले भाइयों के मध्य मकान की निकासी को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। कुछ दिन पूर्व भी दोनों पक्षों के मध्य विवाद होने पर पुलिस ने कार्रवाई की थी। उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से लगाए जा रहे आरोपों की पुलिस प्रत्येक पहलू पर गंभीरता एवं निष्पक्षता के साथ जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
---------------------

