हमीरपुर, 19 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के सुमेरपुर थाना क्षेत्र के टेढ़ा गांव में दबंगों के एक दलित युवक को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटने का सनसनीखेज मामला मंगलवार को सामने आया है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पीड़ित युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार टेढ़ा गांव निवासी संदीप वर्मा गांव में परचून की दुकान चलाता है। पीड़ित के मुताबिक गांव के कुछ दबंग साेमवार की रात उसकी दुकान पर पहुंचे और जबरन उसे उठाकर अपने घर ले गए। आरोप है कि वहां कई घंटों तक उसे बंधक बनाकर रखा गया। लाठी-डंडों, केबल तथा बेल्टों से बेरहमी से पीटा गया। मारपीट के दौरान युवक चीखता-चिल्लाता रहा। पिटाई से उसके शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं।
पीड़ित ने बताया कि किसी तरह वह आरोपिताें के चंगुल से छूटकर गिरते-पड़ते आज मंगलवार काे अपने घर पहुंचा। उसकी हालत देखकर परिजन घबरा गए। तुरंत उसे लेकर सुमेरपुर थाने पहुंचे, जहां पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी गई। इसके बाद पुलिस ने घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
मामले में सीओ सदर राजेश कमल ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। आरोपिताें की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। उन्हाेंने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
---------------

