चार दशक पुराने हत्या मामले में फरार चल रहा पच्चीस हजार का इनामी गिरफ्तार

कानपुर, 15 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में हरबंशमोहाल थाना पुलिस ने शुक्रवार को वर्ष 1981 के हत्या मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अशोक कुमार जैन को गिरफ्तार कर लिया है। वह लंबे समय से अदालत में पेश नहीं हो रहा था। उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी था। पुलिस ने उसे उन्नाव के गंगाघाट क्षेत्र से पकड़कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि अशोक कुमार जैन के खिलाफ हरबंशमोहाल थाने में वर्ष 1981 में पत्नी राधा की हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ था। मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने उसे हत्या के मामले में दोषी पाते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी। बाद में उसने उच्च न्यायालय और फिर उच्चतम न्यायालय में अपील दाखिल की थी। सुनवाई के दौरान उसे जमानत मिली लेकिन इसके बाद वह अदालत में पेश नहीं हुआ और लगातार फरार चल रहा था।

पुलिस के मुताबिक उच्चतम न्यायालय द्वारा अपील निरस्त किए जाने के बाद उसको चार माह के भीतर निचली अदालत में आत्मसमर्पण करने का आदेश दिया गया था। उसने आदेश का पालन नहीं किया। इसके बाद गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी। काफी समय से फरार होने के चलते डीसीपी पूर्वी की ओर से आरोपित पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

हरबंशमोहाल थाना पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उसे गंगाघाट क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपित ने खुद को निर्दोष बताते हुए पत्नी की मौत को आत्महत्या बताया। हालांकि अदालत पहले ही उसे दोषी ठहरा चुकी है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे जेल भेज दिया।

   

सम्बंधित खबर