फिरोजाबाद के जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर में चलाया स्वच्छता अभियान, लगाए पौधे

सफाई करते जिलाधिकारी

फिरोजाबाद, 23 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फिराेजाबाद जिले में कलेक्ट्रेट परिसर के साथ ही जनपद के समस्त सरकारी कार्यालयों में स्वच्छता को संस्कार बनाने की अनूठी मुहिम के तहत माह के चौथे शनिवार को सफाई अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने खुद कलेक्ट्रेट परिसर में सफाई की और पौधे रोपे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि केवल सफाई करना ही इस अभियान का उद्देश्य नहीं है, बल्कि उस स्वच्छता को स्थायी बनाए रखना असली चुनौती है।

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कलेक्ट्रेट परिसर सहित जनपद के सभी सरकारी कार्यालयों को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए एक विशेष कार्ययोजना की घोषणा की है। इस मुहिम के तहत अब प्रत्येक माह के दूसरे और चौथे शनिवार को विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत सभी अधिकारी और कर्मचारी स्वेच्छा से अनिवार्य रूप से दो घंटे का श्रमदान करेंगे। जिलाधिकारी ने स्वच्छता के प्रति अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और दूरदर्शी सोच को साझा करते हुए बताया कि केवल सफाई करना ही इस अभियान का उद्देश्य नहीं है, बल्कि स्वच्छता को स्थायी बनाए रखना असली चुनौती है।

जिलाधिकारी ने बताया कि पिछले 15 दिनों में जिन-जिन स्थानों पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया था, उन जगहों पर फिर से गंदगी न फैले, इसके लिए वहां आज फूलों के पौधे लगाए गए हैं। परिसर और जनपद में जहाँ भी गंदगी या कबाड़ दिखाई दे रहा है, उन नए स्थानों को चिन्हित कर तेजी से साफ कराया जा रहा है। सफाई के बाद इन स्थानों का उपयोग इस प्रकार किया जाएगा जिससे वहाँ दोबारा कचरा जमा न हो सके। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान केवल दृश्यमान गंदगी को ही साफ नहीं किया जाएगा, बल्कि कलेक्ट्रेट परिसर और अन्य सरकारी भवनों में बुनियादी सुविधाओं की बारीकी से समीक्षा की जा रही है। जिलाधिकारी ने बताया कि परिसर में अवसंरचना और संचालन एवं रखरखाव से संबंधित जो भी छोटी-मोटी कमियां या खामियां पाई जा रही हैं, उन्हें चिन्हित कर लिया गया है। इन सभी तकनीकी और व्यवस्थागत कमियों को तत्काल प्रभाव से दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

स्वच्छता अभियान के उपरांत जिलाधिकारी ने जनपद के अमृत सरोवर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सरोवर की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया और जल संरक्षण के इस महत्वपूर्ण ढांचे को और अधिक सुव्यवस्थित, संगठित और सुंदर बनाने हेतु संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अमृत सरोवर न केवल जल संचयन का केंद्र हैं, बल्कि इन्हें आम जनमानस के लिए एक स्वच्छ और दर्शनीय स्थल के रूप में विकसित किया जाए। इस दौरान अपर जिलाधिकारी न्यायिक अरविंद कुमार द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे मोहनलाल गुप्ता सहित आदि जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

   

सम्बंधित खबर