मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय में परीक्षा समिति की बैठक, स्ववित्तपोषित शिक्षकों को मूल्यांकन का अवसर

मीरजापुर, 02 जुलाई (हि.स.)। मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. शोभा गौड़ की अध्यक्षता में गुरुवार को परीक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में विश्वविद्यालय से अनुमोदित स्ववित्तपोषित शिक्षकों को निर्धारित शर्तों के साथ उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य में शामिल करने का निर्णय लिया गया।

परीक्षा नियंत्रक हरिश्चंद्र द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव को समिति ने सर्वसम्मति से मंजूरी दी। निर्णय के अनुसार, जिन स्ववित्तपोषित शिक्षकों को विश्वविद्यालय से स्नातक स्तर पर शिक्षण की अनुमति प्राप्त है और जिनके पास कम से कम तीन वर्ष का शिक्षण अनुभव है, उन्हें स्नातक स्तर की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का अवसर मिलेगा।

वहीं, परास्नातक स्तर की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए संबंधित शिक्षक के पास परास्नातक स्तर पर न्यूनतम पांच वर्ष का शिक्षण अनुभव होना अनिवार्य होगा। इसके अलावा शिक्षकों को अपने संस्थान के प्राचार्य द्वारा जारी अद्यतन अनुभव प्रमाण-पत्र, विश्वविद्यालय का अनुमोदन पत्र तथा छह माह का वेतन बैंक विवरण भी प्रस्तुत करना होगा।

बैठक में प्रो. माधवी शुक्ला, प्रो. दिनेश कुमार यादव, प्रो. रीना सिंह, विभिन्न संकायों के अधिष्ठाता, प्रो. राजमोहन शर्मा तथा परीक्षा नियंत्रक हरिश्चंद्र सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

   

सम्बंधित खबर