जालाैन में ट्यूबवेल पर सो रहे वृद्ध किसान की हत्या, पुलिस जांच में जुटी

उरई, 22 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद जालाैन के गोहन थाना क्षेत्र के ग्राम पृथ्वीपुरा में ट्यूबवेल पर बीती रात सो रहे एक वृद्ध किसान की अज्ञात हमलावरों ने बेरहमी से हत्या कर दी। साेमवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पृथ्वीपुरा निवासी गिरिजाशंकर तिवारी (75) पिछले कई वर्षों से अपने खेत पर बने ट्यूबवेल पर ही रात में सोते थे। रविवार की रात वह रोज की तरह ट्यूबवेल पर सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। साेमवार की सुबह जब ग्रामीणों और परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना से पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है। मृतक अपने पीछे एक पुत्र राकेश तिवारी और एक विवाहित पुत्री को छोड़ गए हैं। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी ने बताया कि ट्यूबवेल पर शव प्राप्त होने की सूचना मिली थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जा रही है। मामले में तहरीर प्राप्त होते ही मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।

---------------

   

सम्बंधित खबर