पत्रकारिता समाज को जोड़ने और जागृत करने का मिशन : जिला प्रचारक सुभाष
- DSS Admin
- May 12, 2026
- जिला पंचायत सभागार में ‘पंच परिवर्तन, समाज और मीडिया’ विषय पर हुई गोष्ठी
मीरजापुर, 12 मई (हि.स.)। देवर्षि नारद जयंती के अवसर पर मंगलवार को जिला पंचायत सभागार में आयोजित गोष्ठी में पत्रकारिता, समाज और राष्ट्र निर्माण को लेकर गंभीर मंथन हुआ। पंच परिवर्तन, समाज एवं मीडिया विषय पर आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने पत्रकारिता को समाज जागरण का सबसे सशक्त माध्यम बताया।
मुख्य वक्ता आरएसएस के जिला प्रचारक सुभाष ने कहा कि सच्ची पत्रकारिता वही है, जो समाज को अंधकार से निकालकर प्रकाश की ओर ले जाए और लोगों में राष्ट्र भावना पैदा करे। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल खबरों का कारोबार नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और जागृत करने का मिशन है। उन्होंने कहा कि जो रुकता नहीं, थकता नहीं और बिकता नहीं, वही सच्चा योद्धा पत्रकार कहलाता है। उनके इस वक्तव्य पर सभागार तालियों से गूंज उठा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सलिल पाण्डेय ने की, जबकि संचालन नीरज द्विवेदी ने किया। गोष्ठी में बड़ी संख्या में पत्रकार, बुद्धिजीवी और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
--महापुरुषों के आदर्शों से समाज निर्माण की प्रेरणा
सुभाष ने अपने सम्बोधन में स्वामी दयानंद सरस्वती, स्वामी विवेकानंद, छत्रपति शिवाजी महाराज और महाराणा प्रताप के जीवन मूल्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन महापुरुषों के आदर्श आज भी समाज को दिशा देने वाले हैं। उन्होंने परिवार में आत्मीयता और वसुधैव कुटुम्बकम की भावना को मजबूत समाज की आधारशिला बताया।
--खालिस्तान आंदोलन का उदाहरण देकर निर्भीक पत्रकारिता पर जोर
वक्ता ने 1980 के दशक के खालिस्तानी आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि कठिन दौर में भी कई पत्रकारों ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए निर्भीक पत्रकारिता की। सत्य लिखने की कीमत कई पत्रकारों ने जान देकर चुकाई, लेकिन मिशन कभी नहीं रुका।
---------------

