लखीमपुर खीरी में किराना गोदाम का ताला तोड़कर लाखों की चोरी

लखीमपुर खीरी, 12 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद लखीमपुर खीरी के थाना फूलबेहड़ क्षेत्र अंतर्गत सुंदरवल पुलिस चौकी के दाउदपुर चौराहे पर इन दिनों चोरों के हौसले बुलंद हैं। कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए चोरों ने 24 घंटे के भीतर दूसरी बड़ी वारदात को अंजाम देकर सनसनी फैला दी है।

इस बार चोरों ने दाउदपुर निवासी हसन खान के पुत्र युनुष खान की परचून दुकान के गोदाम को निशाना बनाया। सोमवार की रात चोरों ने गोदाम के गेट का ताला तोड़ा और अंदर रखा लाखों रुपये का कीमती सामान पार कर दिया। शातिर चोरों ने पहचान छिपाने के उद्देश्य से वहां लगे सीसीटीवी कैमरों के साथ भी छेड़छाड़ की, हालांकि वारदात की कुछ तस्वीरें कैमरों में कैद हुई हैं। बताया जा रहा है कि चोरों ने घटनास्थल से महज 50 मीटर की दूरी पर खड़े एक बड़े वाहन में चोरी का सामान लादा और आसानी से फरार हो गए।

हैरानी की बात यह है कि लखीमपुर-भीरा राष्ट्रीय मार्ग पर स्थित होने के बावजूद इस व्यस्त इलाके में चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। मात्र 24 घंटे पहले भी इसी क्षेत्र में एक अन्य परचून की दुकान में चोरी हुई थी, जिसका सुराग लगाने में पुलिस अब तक नाकाम रही है। लगातार हो रही इन वारदातों से स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का स्पष्ट आरोप है कि पुलिस की गश्त केवल कागजों तक सीमित रह गई है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।

घटना की सूचना मिलने पर फूलबेहड़ पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और ग्रामीणों को जल्द खुलासे का आश्वासन दिया। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से रात में नियमित गश्त बढ़ाने और क्षेत्र में व्याप्त दहशत को खत्म करने की पुरजोर मांग की है। वहीं, इस मामले में थानाध्यक्ष फूलबेहड़ संतोष सिंह का कहना है कि उन्हें अभी तक अधिकारिक सूचना नहीं मिली है। प्रार्थना पत्र प्राप्त हाेने पर कार्रवाई की जाएगी।

---------------

   

सम्बंधित खबर