बंद मकान का ताला तोड़कर ढाई लाख की चोरी, जेवर और नकदी ले उड़े चोर

मीरजापुर, 08 जुलाई (हि.स.)। जिगना थाना क्षेत्र के बिहसड़ा कला गांव में बंद पड़े मकान का ताला तोड़कर चोरों ने करीब ढाई लाख रुपये के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

गांव निवासी पार्वती देवी ने बताया कि उनके पति मीरजापुर में नौकरी करते हैं, जबकि वह अपने पुत्र राहुल के साथ गांव में रहती हैं। मंगलवार को वह बेटे के साथ विंध्याचल थाना क्षेत्र के हर्रई गांव स्थित मायके गई थीं। बुधवार शाम करीब पांच बजे घर लौटीं तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। अंदर जाने पर दोनों कमरों के ताले भी टूटे मिले और सामान बिखरा पड़ा था।

पीड़िता के अनुसार चोर आलमारी और संदूक का ताला तोड़कर उनके तथा बहू के सोने-चांदी के आभूषण और पांच हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।

थानाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि चोरी की तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की जांच की जा रही है। साक्ष्य जुटाने के बाद मुकदमा दर्ज कर घटना के खुलासे का प्रयास किया जाएगा।

--------------

   

सम्बंधित खबर