अवैध खनन-परिवहन पर कार्रवाई, 45 वाहनों से 19.36 लाख की वसूली
- DSS Admin
- Jun 19, 2026
- उपखनिज परिवहन में गड़बड़ी पर कार्रवाई, 32 वाहन थानों में सीज
मीरजापुर, 19 जून (हि.स.)। जनपद में अवैध खनन, उपखनिज परिवहन और ओवरलोडिंग के खिलाफ प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। एक से 17 जून के बीच की गई कार्रवाई में 45 वाहनों पर ऑनलाइन चालान कर 19.36 लाख रुपये की वसूली की गई, जबकि 32 वाहनों को संबंधित थानों की अभिरक्षा में दिया गया है।
जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार के आदेश और अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विनोद कुमार सिंह के निर्देशन में खान अधिकारी जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में प्रवर्तन टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में औचक जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान उपखनिज परिवहन में अनियमितता पाए जाने पर कार्रवाई की गई।
खनन विभाग के अनुसार, अभिरक्षा में लिए गए 32 वाहनों से करीब 27.20 लाख रुपये की अतिरिक्त वसूली की प्रक्रिया जारी है। इसके अलावा ओवरलोड उपखनिज परिवहन करने वाले वाहनों को परिवहन प्रपत्र जारी करने वाले क्रशर प्लांट संचालकों और मालिकों के खिलाफ भी प्रति वाहन पांच लाख रुपये तक की शास्ति लगाए जाने की कार्रवाई की जा रही है।
विभागीय आंकड़ों के अनुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 में मई माह तक अवैध खनन और परिवहन में संलिप्त 1939 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 290.76 लाख रुपये की शास्ति वसूली गई है। वहीं 10 मामलों में परिवाद भी दर्ज कराया गया है।
खनन अधिकारी ने बताया कि जनपद में अवैध खनन, परिवहन और ओवरलोडिंग पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
---------------

