रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आए व्यक्ति की मौत
- DSS Admin
- Jun 26, 2026
मीरजापुर, 26 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के नरायनपुर स्थित बंद रेलवे फाटक के पास शुक्रवार सुबह रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
मृतक की पहचान अदलहाट थाना क्षेत्र के सोनई गांव निवासी लक्ष्मण पटेल (60) पुत्र पनारू के रूप में हुई। बताया गया कि वह रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे, तभी ट्रेन की चपेट में आने से माैके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर जीआरपी चुनार पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण भी घटनास्थल पर पहुंच गए। मृतक का एकमात्र पुत्र रवि पटेल चेन्नई में रहकर पढ़ाई करता है। अदलहाट थाना प्रभारी निरीक्षक अजय सेठ ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------

