कारसेवकों पर गोलियां चलवाने वाले आस्था की बात करने लायक नहीं : नितिन नवीन
- DSS Admin
- Jul 05, 2026


लखनऊ, 05 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर शक्ति केन्द्र संयोजकों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि 2027 में उत्तर प्रदेश में फिर से कमल खिलेगा। आज मैं यहां चारों तरफ जो जोश और उत्साह देख रहा हूं, ये इस बात का परिचायक है कि 2027 में भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता यहां कमल खिलाने को तैयार बैठा है। शक्ति केंद्रों के हमारे संयोजकों की ताकत ये साफ-साफ बता रही है। विपक्ष कितनी भी ताकत लगा ले, भाजपा का कार्यकर्ता उसे धूल चटाने का काम करेगा। इस बार साइकिल कबाड़ में जाने वाली है। इस बार साइकिल की मरम्मत भी नहीं हो पाएगी।
अयोध्या के राम मंदिर प्रकरण पर नितिन नवीन ने कहा कि वह लोग जिन्होंने प्रभु राम के अस्तित्व पर सवाल उठाया था। उच्चतम न्यायालय में हलफनामा दायर किया था। श्रीराम सेतु पर सवाल उठाया था। वही लोग हैं जिन्होंने कारसेवकों पर गोली चलवायी थी। आज वही लोग आस्था की बात करते हैं। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि हमारा खून भी बह जायेगा लेकिन राम की आस्था के साथ कोई खेल ही नहीं सकता। इसके लिए जितनी कुर्बानी देनी होगी देंगे। उन्होंने कहा भाजपा, संघ व विहिप के लोगों ने जितना संघर्ष किया। वह आज कहीं न कहीं राम मंदिर के रूप में सामने दिखता है।
हिन्दू विरोधी ताकतें जिन्होंने हमारी आस्था का अपमान किया हो आज अगर राजनीतिक रोटी सेंकना चाहते हैं तो आज मैं राहुल गांधी, अखिलेश यादव और केजरीवाल से कहना चाहता हूं कि हिंदू धर्म को इतना कमजोर मत समझिएगा कि लोग आपके झांसे में आ जाएंगे। क्योंकि जब आपके लोग हिंदू देवी-देवताओं का अपमान करते हैं, तो आप लोग मौन रहते हैं। सनातन का अपमान यूपी और देश की जनता कभी बर्दाश्त नहीं करेगी।
हमने विरासत को संजोया है, इसके लिए हमारे पुरखों ने कुर्बानियां तक दी हैं।
आज आस्था के नाम पर घड़ियाली आंसू बहाने वाले लोग कभी आस्था की बात कर ही नहीं सकते। क्योंकि आज भाजपा के शासनकाल में अयोध्या में राम मंदिर निर्माण से लेकर काशी विश्वानाथ मंदिर तक विरासत की नई तस्वीर बनी है।
2017 से पहले उत्तर प्रदेश की चर्चा करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि यूपी में छत्रपों का राज रहता था। हर जिले का अपना गुंडा व माफिया होता था। बिचौलियों का राज चलता था। भाजपा सरकार ने माफिया व गुण्डाराज समाप्त किया। भाजपा का नेतृत्व जिस प्रकार पिछले नौ वर्षों में नये-नये विकास के आयाम को जोड़ने का काम किया। राज्य की नई तस्वीर देश दुनिया में जा रही है। जिस उत्तर प्रदेश ने केवल भ्रष्टाचार देखा हो, तुष्टिकरण और परिवारवाद की राजनीति देखी हो, आज भाजपा की डबल इंजन की सरकार ने उस भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण और माफियाराज को पूरी तरह समाप्त कर दिया है। यूपी को बदहाली तुष्टीकरण व अराजकता से निकालने का काम भाजपा ने किया। विकास के पैमाने पर पहले यूपी व बिहार को बीमारू राज्य कहा जाता था। पहले लोग कहते थे यूपी और बिहार का कुछ नहीं हो सकता। नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में यूपी व बिहार विकास के कई पैमाने पर आगे बढ़ रहा है।
देश की आधी आबादी को सम्मान दिलाने का काम भाजपा सरकार ने किया। हमारी सरकार ने आधी आबादी को सम्मान व स्वाभिमान दिया। आने वाले समय में उन्हें अधिकार भी देने का काम सरकार करेगी। आज यहां की विकास की नई तस्वीर को पूरी दुनिया देख रही है, क्योंकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने उत्तर प्रदेश को देश के अग्रणी राज्यों में लाने का काम किया है।
सम्मेलन को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह और क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी ने भी संबोधित किया। सम्मेलन का संचालन प्रदेश महामंत्री संजय राय ने किया।
------------------

