मासूम की हत्या का सनसनीखेज खुलासा, चाकू के साथ मुख्य आराेपित गिरफ्तार
- DSS Admin
- Jun 24, 2026
लखीमपुर खीरी, 24 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद लखीमपुर खीरी की निघासन पुलिस ने 8 वर्षीय मासूम बच्चे की हत्या की वारदात का खुलासा किया है। पुलिस टीम ने हत्या के मुख्य आराेपित रामचंद्र को घटना में प्रयुक्त चाकू के साथ गिरफ्तार किया है।
एसपी खीरी डॉ ख्याति गर्ग ने बताया कि बीती 5 जून 2026 को ग्राम तारानगर निवासी ज्ञानदेवी ने थाना निघासन पर शिकायत दर्ज कराई थी कि विपक्षियों ने पहले उनका गला काटने का प्रयास किया और उसमें असफल रहने पर उनके 8 वर्षीय बेटे रवि की गला काटकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस संबंध में पुलिस ने मुकदमा संख्या 216/2026 धारा 103(1)/109(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू की थी।
प्रभारी निरीक्षक द्वारा की गई विवेचना, घटनास्थल के निरीक्षण, मेडिकल व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अवलोकन और सीडीआर (CDR) विश्लेषण के बाद इस पूरे मामले में रामचंद्र पुत्र स्व० भगौती (उम्र 30 वर्ष) का नाम मुख्य आरोपित के रूप में प्रकाश में आया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए अभियुक्त रामचंद्र को दबोच लिया और उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया। इस बरामदगी के बाद मुकदमे में 4/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है। अभियुक्त को आवश्यक विधिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
---------------

