सोनभद्र पुलिस ने राजस्थान से पांच साइबर अपराधी किए गिरफ्तार, इनकी ब्लैकमेलिंग से त्रस्त युवक ने की थी आत्महत्या
- DSS Admin
- May 12, 2026
सोनभद्र, 12 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की सोनभद्र पुलिस ने साइबर उत्पीड़न एवं ब्लैकमेलिंग कर धन उगाही करने व आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने वाले गिरोह के पांच अपराधियाें को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार पांचों आरोपित राजस्थान के अलवर जिले के निवासी हैं और सोनभद्र जिले में एक व्यक्ति को फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर वीडियो काल के माध्यम से उत्पीड़न कर रहे थे जिससे तंग आकर पीड़ित व्यक्ति ने आत्महत्या कर लिया।
अपर पुलिस अधीक्षक ऋषभ रुणवाल ने मंगलवार को बताया कि 29 अप्रैल को अंकिता पाठक पत्नी स्व0 राजेंद्र पाठक ने पुलिस अधीक्षक सोनभद्र काे एक शिकायत कर बताया कि उनके पति राजेंद्र पाठक ने 08अप्रेल की रात्रि में अपने नवनिर्मित मकान में आत्महत्या कर ली थी। प्रारंभ में आत्महत्या के कारणों की जानकारी नहीं हो सकी, किन्तु परिजनों द्वारा मृतक के मोबाइल फोन की जांच करने पर ज्ञात हुआ कि अज्ञात व्यक्तियों द्वारा उन्हें लगातार धमकी देकर धन की मांग की जा रही थी। मृतक द्वारा उक्त व्यक्तियों को कई बार धनराशि भी भेजी गई थी। बैंक खाते के स्टेटमेंट एवं मोबाइल चैट के अवलोकन से यह तथ्य प्रकाश में आया कि साइबर उत्पीड़न एवं ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर मृतक ने आत्महत्या किया है।
पुलिस ने थाना रॉबर्ट्सगंज पर मुकदमा दर्ज कर जांच में जुट गई। पुलिस टीम द्वारा मृतक के मोबाइल फोन में प्राप्त चैट, कॉल एवं वीडियो कॉल का तकनीकी विश्लेषण किया गया। जांच में पता चला कि वीडियो कॉल राजस्थान के अलवर जिले से की गई थी और जिस बैंक खाते में धनराशि भेजी गई थी, वह महाराष्ट्र का था जबकि उक्त धनराशि राजस्थान के भिवाड़ी क्षेत्र से निकाली गई थी। तकनीकी साक्ष्यों एवं इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के आधार पर प्रभारी निरीक्षक साइबर थाना सोनभद्र धीरेन्द्र कुमार चौधरी के नेतृत्व में सर्विलांस प्रभारी नागेश सिंह मय पुलिस टीम राजस्थान रवाना की गई।
संयुक्त पुलिस टीम द्वारा स्थानीय पुलिस के सहयोग राजस्थान के अलवर जिले से सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर अभियुक्तों की पहचान कर 10 मई 2026 को 05 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। इनमें धमकी देकर धन उगाही करने वाले, धनराशि निकालने वाले तथा म्यूल बैंक खाते एवं एटीएम कार्ड उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति शामिल हैं। पुलिस ने अफसील खान पुत्र भज्जू निवासी ग्राम झिवाना, थाना चौपानिया खेताल, तिजारा, जनपद अलवर, नूर मोहम्मद उर्फ नंदा पुत्र दीना निवासी ग्राम सोरवा, थाना कैथल, जनपद खैरथल-तिजारा, अलवर, राशिद पुत्र गफूर निवासी ग्राम सोरवा, थाना कैथल, जनपद खैरथल-तिजारा, अलवर, वशिम पुत्र रज्जाक खान निवासी ग्राम चावंडी खुर्द, थाना शेखपुर अहीर, जनपद खैरथल-तिजारा, अलवर और बारिश पुत्र नसरुद्दीन निवासी ग्राम चावंडी खुर्द, थाना शेखपुर अहीर, जनपद खैरथल-तिजारा, अलवर को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से पांच मोबाइल फोन, दो म्यूल अकाउंट के एटीएम कार्ड व नगद 6000 रुपये व कार्ड बरामद किया है।
एएसपी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तग संगठित रूप से लोगों को धमकाकर साइबर ठगी एवं फर्जी बैंक खातों के माध्यम से अवैध धनराशि के लेन-देन का कार्य करते थे। जांच में पता चला कि अभियुक्त अफसील अपने साथियों के साथ सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बनाकर उनमें आर्मी एवं पुलिस अधिकारियों की फोटो लगाकर लोगों को धमकाने व एआई से अश्लील वीडियों बनाकर, डराकर पैसे लेने का कार्य करता था जिसकी अभियुक्त नूर उर्फ नंदा एवं राशिद उद्यापन से प्राप्त धनराशि को एटीएम मशीनों से निकालता था। जांच के दौरान महाराष्ट्र बैंक, भिवाड़ी राजस्थान से प्राप्त सीसीटीवी फुटेज से अभियुक्त की पहचान कर गिरफ्तारी की गई। अभियुक्त वशिम फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बैंक खाते एवं एटीएम कार्ड की व्यवस्था करता था अभियुक्त वारिश के माध्यम से नंदा म्यूल खाता उपलब्ध कराता था। जिसमें पैसा आने पर, निकाल कर देने पर 20 फीसदी कमीशन मिलता था।

