स्वराज और सुराज के प्रणेता थे छत्रपति शिवाजी महाराज : शिव प्रकाश
- DSS Admin
- Jun 27, 2026
आरएसएस ने 'हिंदू साम्राज्य दिवस' पर वीर शिवाजी को किया नमन, शाखाओं में हुए विशेष कार्यक्रम
प्रयागराज, 27 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रयागराज दक्षिण भाग की ओर से शनिवार को छत्रपति शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक के उपलक्ष्य में 'हिंदू साम्राज्य दिवस' उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर विभाग शारीरिक प्रमुख शिव प्रकाश ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज स्वराज और सुराज के प्रणेता थे। उन्होंने अपनी अद्भुत कूटनीति, युद्ध कौशल और साहस के बल पर बिना कोई युद्ध हारे स्वराज की स्थापना की तथा राष्ट्र और धर्म की रक्षा का आदर्श प्रस्तुत किया।
विभाग प्रचार प्रमुख वसु ने बताया कि दक्षिण भाग के विभिन्न नगरों की शाखाओं में प्रातःकाल विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां स्वयंसेवकों ने शिवाजी महाराज के जीवन, उनके संघर्ष और राष्ट्रभक्ति के आदर्शों को स्मरण किया। वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अपने प्रमुख उत्सवों में से एक 'हिंदू साम्राज्य दिवस' को ज्येष्ठ शुक्ल त्रयोदशी के दिन मनाता है।
उन्होंने कहा कि माता जीजाबाई ने शिवाजी महाराज को धार्मिक संस्कारों के साथ कूटनीति और युद्ध कौशल की शिक्षा दी थी। अफजल खान वध के प्रसंग का उल्लेख करते हुए वक्ताओं ने कहा कि शिवाजी महाराज ने अपनी रणनीति और बघनखे के प्रयोग से छल का जवाब दिया और औरंगजेब की विशाल शक्ति के सामने भी अदम्य साहस का परिचय दिया।
कार्यक्रमों में न्याय नगर, माधव नगर, देवरस नगर, शेषाद्रि नगर, देवप्रयागम, श्रीराम नगर, कालिंदी नगर, रज्जू भैया नगर, लोकमान्य नगर, लाजपत नगर, कल्याणी नगर, शिवाजी नगर, केशव नगर और श्रीकृष्ण नगर सहित विभिन्न स्थानों पर विभाग एवं प्रांत स्तर के पदाधिकारियों ने स्वयंसेवकों को संबोधित किया।
कार्यक्रमों में मातृशक्ति एवं बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्रसेवा का संकल्प दोहराया।
दक्षिण भाग के इन नगरों में हुए आयोजन में मुख्य वक्ता,न्याय नगर (विवेकानंद पार्क) में विभाग घुमन्तू कार्य संयोजक अमित, माधव नगर (गोकुल पार्क) में विभाग शारीरिक प्रमुख शिव प्रकाश, देवरस नगर (नीम सराय) में विभाग कार्यवाह डॉ. संजय तथा शेषाद्रि नगर में भाग प्रचारक अंकित ने विचार रखे।
देवप्रयागम व श्रीराम नगर (झलवा) में प्रांत सह कार्यवाह रासबिहारी, कालिंदी नगर में विभाग सम्पर्क प्रमुख डॉ. प्रमोद पाण्डेय और रज्जू भैया नगर में चारूमित्र पाठक मुख्य वक्ता रहे।
लोकमान्य नगर (करेली) में सह प्रान्त व्यवस्था प्रमुख राकेश सिंह सेंगर, लाजपत नगर (मीरापुर) में भाग प्रचार प्रमुख कृष्ण मनोहर तथा कल्याणी नगर (कटघर) में प्रान्त सह सद्भाव संयोजक नागेंद्र ने संबोधित किया।
इसके अतिरिक्त शिवाजी नगर में नरोत्तम, केशव नगर में घोष प्रमुख राजेश और श्रीकृष्ण नगर (बाई का बाग) में बौद्धिक शिक्षण प्रमुख सतीश ने स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन किया।
---------------

