औरैया, 17 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सहार थाना क्षेत्र के ग्राम सौंथरा के पास पुरवा जैन रोड किनारे खेत में प्रापर्टी डीलर का शव मिलने से रविवार सुबह इलाके में हड़कंप मच गया। खेतों की ओर गए ग्रामीणों ने शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर घटनास्थल को सुरक्षित कराया। इसके बाद थाना प्रभारी रमेश सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए उच्चाधिकारियों को भी मामले की जानकारी दी।
ग्रामीणों के अनुसार शव काफी समय पुराना प्रतीत हो रहा था। शरीर फूल चुका था और चेहरा क्षत-विक्षत होने के कारण तत्काल पहचान कर पाना मुश्किल हो रहा था। पुलिस को शव के पास से एक मोबाइल फोन मिला, जिसके आधार पर पहचान की कोशिश की गई। वहीं ग्रामीणों ने कपड़ों से पहचान करने का प्रयास किया। काफी देर बाद शव की पहचान ताराचंद्र (58) पुत्र साधुराम निवासी ग्राम सौंथरा के रूप में हुई।
बताया गया कि मृतक अपने खेत में प्लॉटिंग का कार्य करता था और जमीन के प्लॉट बेचने का काम भी करता था। ग्रामीणों ने बताया कि ताराचंद्र घर में अकेले रहते थे, जबकि उनकी पत्नी, दो बेटे और एक बेटी रिश्तेदारी में गए हुए थे। घर पर पिछले कई दिनों से ताला पड़ा था। शनिवार से उनके दिखाई न देने पर किसी ने विशेष ध्यान नहीं दिया, लेकिन रविवार को शव मिलने के बाद गांव में शोक और चर्चाओं का माहौल बन गया।
थाना प्रभारी रमेश सिंह ने बताया कि मामले की हर पहलू की जांच की जा रही है। शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
---------------

