सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार दो सगे भाइयों की मौत

फिरोजाबाद, 13 जून (हि.स.)। थाना जसराना क्षेत्र अन्तर्गत शनिवार को भीषण सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार दो सगे भाइयों की मौत हो गयी। वह दोनों शिकोहाबाद स्थित रिश्तेदारी से घर लौट रहे थे। पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है।

थाना जसराना क्षेत्र अन्तर्गत पाढम नवादा गांव के नजदीक मुख्य मार्ग पर शनिवार को एक मोटरसाइकिल सवार दो लोगों को किसी अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। जिससे मोटरसाइकिल सवार दोनों युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना देख लोगों की भीड़ जमा हो गई। इधर सूचना मिलते ही थाना पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस दोनों घायलों को तुरंत एम्बुलेंस से सरकारी अस्पताल ले गयी। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दोनों की जेब से मिले जरूरी कागजों और पहचान पत्रों के आधार पर पुलिस द्वारा उनकी शिनाख्त बंटी (35) और उनके छोटे भाई ब्रजेश (25) निवासी ग्राम खड़ीत मिलावली जसराना के रूप में की गई। पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों को दी। घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी पहुंच गए। भाई प्रवेश कुमार ने बताया कि ये दोनों भाई शिकोहाबाद में एक रिश्तेदारी में गए थे और शनिवार को घर वापस लौट रहे थे तभी वह सड़क हादसे का शिकार हो गए।

इंस्पेक्टर जसराना राजेश पाण्डेय ने बताया कि दोनों भाइयों के शवों का पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और दुर्घटना करने वाले अज्ञात वाहन और चालक की सघन तलाश की जा रही है। आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

   

सम्बंधित खबर