यूपी टीईटी की 2 से 4 जुलाई तक 955 केंद्रों पर होगी परीक्षा, 30 जून से डाउनलोड करें प्रवेश पत्र

--60 जनपदों में दो पालियों में होगी परीक्षा

--पारदर्शिता और निष्पक्षता से होगी परीक्षा, समय से परीक्षा केन्द्र पहुंचें अभ्यर्थी: डॉ. प्रशांत कुमार

प्रयागराज, 22 जून (हि.स)। उत्तर प्रदेश में शिक्षक बनने का सपना देख रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग प्रयागराज ने यूपी टीईटी 2026 की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि परीक्षा प्रदेश के 60 जनपदों के 955 केंद्रों पर पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ आयोजित की जाएगी।

यूपी टीईटी-2026 का आयोजन 02 एवं 03 जुलाई को प्रतिदिन दो पालियों में तथा 04 जुलाई को प्रथम पाली में होगा। 02 जुलाई को दोनों पालियों में उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6 से 8) की परीक्षा होगी। 03 जुलाई को प्रथम पाली में उच्च प्राथमिक स्तर और द्वितीय पाली में प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5) की परीक्षा कराई जाएगी। 04 जुलाई को प्रथम पाली में प्राथमिक स्तर की परीक्षा होगी। प्रथम पाली सुबह 09ः30 बजे से 12 बजे तक और द्वितीय पाली दोपहर 02ः30 बजे से सायं 05 बजे तक चलेगी।

आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने साेमवार काे बताया कि अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए 22 जून से परीक्षा जनपद संबंधी अंतिम सूचना आयोग की वेबसाइट https://upessc.up.gov.in पर अपलोड कर दी गई है। अभ्यर्थी वेबसाइट पर दिए गए लिंक से अपनी प्रविष्टियों का सत्यापन कर परीक्षा जनपद की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। उन्होने बताया कि प्रवेश पत्र 30 जून से आयोग की वेबसाइट पर डाउनलोड के लिए उपलब्ध होंगे। सभी अभ्यर्थी समय से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर लें और उसमें दिए गए निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करें। बिना वैध प्रवेश पत्र के किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

डॉ प्रशान्त कुमार ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की कि वह निर्धारित समय से पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंचें और अनुशासित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में परीक्षा सम्पन्न कराने में आयोग का सहयोग करें। आयोग ने परीक्षा को नकलविहीन और शुचितापूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सभी जरूरी इंतजाम पूरे कर लिए हैं।

---------------

   

सम्बंधित खबर