रेबीज से बचाव का सबसे कारगर उपाय है समय पर टीकाकरण : डॉ. संतोष गिरि
- DSS Admin
- Jul 06, 2026
मीरजापुर, 06 जुलाई (हि.स.)। विश्व जूनोसिस दिवस के अवसर पर सोमवार को राजकीय पशु चिकित्सालय, जमालपुर में निःशुल्क एंटी रेबीज टीकाकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 35 कुत्तों का नि:शुल्क टीकाकरण कर पशुपालकों को रेबीज जैसी घातक बीमारी से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
पशु चिकित्साधिकारी डॉ. संतोष कुमार गिरि ने बताया कि रेबीज एक जानलेवा जूनोटिक रोग है, जो संक्रमित पशुओं से मनुष्यों में फैल सकता है। इस बीमारी की रोकथाम के लिए पालतू पशुओं, विशेषकर कुत्तों का समय पर टीकाकरण बेहद जरूरी है।
उन्होंने बताया कि कुत्तों को तीन माह की आयु में पहला एंटी रेबीज टीका लगवाना चाहिए। इसके एक माह बाद बूस्टर डोज और फिर प्रत्येक वर्ष नियमित रूप से एंटी रेबीज टीकाकरण कराया जाना चाहिए। समय पर टीकाकरण से पशु और मानव दोनों को इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सकता है।
इस अवसर पर सत्यम मिश्रा, राजेश कुमार मिश्र, जयप्रकाश यादव, अनूप कुमार मौर्य, अभिषेक पटेल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

