जेष्ठ पूर्णिमा पर मां विंध्यवासिनी धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब
- DSS Admin
- Jun 29, 2026

मीरजापुर, 29 जून (हि.स.)। जेष्ठ पूर्णिमा के पावन अवसर पर सोमवार को विश्व प्रसिद्ध मां विंध्यवासिनी धाम में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भोर में मंदिर का कपाट खुलने के साथ ही दर्शन-पूजन का सिलसिला शुरू हो गया। उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के अलावा बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड और छत्तीसगढ़ से पहुंचे श्रद्धालुओं ने मां विंध्यवासिनी के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की। पूरे दिन मंदिर परिसर और दर्शन मार्ग जय मां विंध्यवासिनी के जयघोष से गूंजता रहा।
सुबह से ही मंदिर परिसर, पक्काघाट, पुरानी वीआईपी मार्ग और कॉरिडोर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। भीड़ को व्यवस्थित ढंग से दर्शन कराने के लिए पुलिस और मंदिर प्रशासन लगातार सक्रिय रहा। महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतारों की व्यवस्था की गई थी। दर्शन के बाद श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में प्रसाद चढ़ाया और धार्मिक अनुष्ठानों में भी भाग लिया।
जेष्ठ पूर्णिमा के अवसर पर बड़ी संख्या में नवदंपति और परिवारों ने भी मां के दरबार में मत्था टेककर आशीर्वाद लिया। कई श्रद्धालुओं ने अपने बच्चों का मुंडन संस्कार भी कराया। मंदिर के आसपास स्थित बाजारों में दिनभर चहल-पहल रही और प्रसाद, चुनरी, नारियल व पूजन सामग्री की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ लगी रही।
श्री विंध्य पंडा समाज के अध्यक्ष पंकज द्विवेदी ने बताया कि मां विंध्यवासिनी धाम में दर्शन के बाद श्रद्धालुओं ने त्रिकोण परिक्रमा भी पूरी की। परंपरा के अनुसार श्रद्धालुओं ने पहले मां विंध्यवासिनी के दर्शन किए, इसके बाद काली खोह स्थित मां काली के दरबार पहुंचे और अंत में अष्टभुजा पर्वत पर विराजमान मां अष्टभुजा के दर्शन-पूजन कर त्रिकोण परिक्रमा पूर्ण की। तीनों शक्तिपीठों पर सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए विंध्याचल पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। मंदिर परिसर, दर्शन मार्ग और प्रमुख चौराहों पर पुलिसकर्मी तैनात रहे तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी निगरानी की जाती रही।
भीड़ का फायदा उठाकर महिला श्रद्धालु की सोने की चेन चोरी
जेष्ठ पूर्णिमा पर उमड़ी भीड़ के बीच जौनपुर जिले के सुरेरी थाना क्षेत्र के सिठुपुर (डोड़ा) गांव निवासी पार्वती देवी के गले से अज्ञात उचक्के ने सोने की चेन पार कर दी। दर्शन के बाद घटना की जानकारी होने पर पीड़िता ने विंध्याचल कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। कस्बा इंचार्ज अजय मिश्र ने बताया कि मामले की सूचना मिली है और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि भीड़भाड़ वाले दिनों में चेन चोरी की घटनाएं बढ़ जाती हैं, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी किए जाने की आवश्यकता है।
---------------

