बीएचयू में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारी, कुलपति ने की समीक्षा, छात्रों की भी होगी सहभागिता
- DSS Admin
- Jun 15, 2026
वाराणसी, 15 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी स्थित काशी हिन्दू विश्वविद्यालय में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह (21 जून) की तैयारियां अन्तिम दौर में है। इस वर्ष की थीम “योग फॉर हेल्दी एजिंग” को लेकर उत्साह भी दिख रहा है। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अफसरों के साथ कुलपति, कुलसचिव, संस्थानों के निदेशक,संकाय प्रमुख, केंद्रों के समन्वयक तथा अधिकारी, कर्मचारी व छात्र-छात्राओं की उपस्थिति भी दिखेगी। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कुलपति प्रो.अजित कुमार चतुर्वेदी विश्वविद्यालय प्रशासन को पहले ही दिशा निर्देश दे चुके है।
योग दिवस समारोह के आयोजन की समीक्षा कर इसकी रूपरेखा तय हो गई है। विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी ने सोमवार को बताया कि इस वर्ष आयोजित होने वाले समारोह में राष्ट्रीय कैडेट कोर के लगभग 300 कैडेट, राष्ट्रीय सेवा योजना के 200 से अधिक स्वयंसेवक तथा मालवीय भवन में संचालित योग पाठ्यक्रम के 300 से अधिक विद्यार्थियों सहित अन्य छात्र-छात्राएँ, कर्मचारी, अधिकारी व शिक्षक प्रतिभाग करेंगे।
मुख्य कार्यक्रम में लगभग 1000 से 1200 प्रतिभागियों की उपस्थिति रहने की संभावना है, जिससे यह आयोजन विश्वविद्यालय के सबसे बड़े योग कार्यक्रमों में से एक होगा। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भारत सरकार के आयुष मंत्रालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी के लिए सामान्य योग प्रोटोकॉल का पालन करते हुए 14 दिवसीय अष्टांग योग कार्यशाला का भी आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 16 जून से 19 जून तक योग विषयक विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के विद्यार्थी उत्साहपूर्वक पंजीकरण कर प्रतिभाग कर रहे हैं। बताया गया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम 21 जून को प्रातः 6:30 बजे से 8:30 बजे तक मालवीय भवन परिसर में दोनों तरफ स्थित लॉन में व मुख्य सभागार में होगा।

