बीएचयू के डालमिया छात्रावास के खाने में मिली छिपकली, छात्रों ने किया विरोध प्रदर्शन

मेस के सब्जी में छिपकली,प्रदर्शन करते छात्र

—छात्रों का आरोप, मेस में लंबे समय से खाने की गुणवत्ता बेहद खराब, शिकायत के बाद भी नहीं हो रही कार्रवाही

वाराणसी, 27 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी स्थित काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के डालमिया छात्रावास के मेस के खाने में बुधवार को छिपकली मिलने पर खाना खाने पहुंचे छात्रों में हड़कंप मच गया। इसके पहले भोजन करने के बाद कुछ छात्रों की तबियत बिगड़ गई तो उन्हें इलाज के लिए साथी छात्रों ने सर सुंदरलाल अस्पताल पहुंचाया। इससे नाराज छात्रों ने मेस और बाहर जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

सूचना पाकर विश्वविद्यालय प्रशासन के अफसरों के साथ छात्रावास के वार्डेन भी मौके पर पहुंच गए। विरोध प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने आरोप लगाया कि छात्रावास के मेस में लंबे समय से खाने की गुणवत्ता खराब रहती है। कई बार शिकायत के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। आज रसेदार सब्जी में छिपकली मिली। कई छात्रों ने अनजाने में इस सब्जी को खा लिया तो उनकी हालत बिगड़ गई। छात्रावास के वार्डेन ने छात्रों को समझा बुझा कर शांत किया। इस दौरान छात्रों ने अपनी मांगों का ज्ञापन भी उन्हें सौंपा।

   

सम्बंधित खबर