मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना: वाराणसी में 94 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे

वाराणसी, 15 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत शुक्रवार को वाराणसी के सेवापुरी विकास खण्ड परिसर में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें कुल 94 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे और नए जीवन की शुरुआत की।

समारोह में वर-वधू पक्ष के परिजन पारम्परिक वेशभूषा में उत्साह और उल्लास के साथ शामिल हुए। विवाह समारोह में अल्पसंख्यक वर्ग के 3, पिछड़ा वर्ग के 30, अनुसूचित जाति के 59 तथा अनुसूचित जनजाति के 2 जोड़ों का विधि-विधान से विवाह सम्पन्न कराया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुजीत कुमार सिंह तथा विशिष्ट अतिथि विधान परिषद सदस्य धर्मेन्द्र सिंह मौजूद रहे। सेवापुरी विधायक नीलरतन पटेल की पुत्री एवं उनकी प्रतिनिधि अदिति पटेल ने भी समारोह में शामिल होकर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और उनके सुखद एवं मंगलमय वैवाहिक जीवन की कामना की।

इस अवसर पर सभी नवदंपत्तियों को वैवाहिक प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। साथ ही उपहार स्वरूप चांदी की पायल, बिछिया, वर-वधू के वस्त्र, दीवार घड़ी, ट्रॉली बैग, डिनर सेट, श्रृंगार किट, सूटकेस और मैट्रेस गद्दा सहित अन्य गृहस्थी उपयोगी सामग्री भेंट की गई।

कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण अधिकारी गिरीश दुबे, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रितेश बिंदल, खण्ड विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह सहित विकास खण्ड के अधिकारी, ग्राम सचिव एवं ग्राम प्रधान भी उपस्थित रहे।

   

सम्बंधित खबर