गोरखपुर से निकली गविष्ठी यात्रा बुधवार को पहुंचेगी काशी, शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद का होगा अभिनंदन
- DSS Admin
- May 12, 2026
वाराणसी, 12 मई (हि.स.)। ज्योतिष्पीठाधीश्वर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के सान्निध्य में गोरखपुर से निकली 81 दिवसीय गविष्ठी गौरक्षार्थ धर्मयुद्ध यात्रा बुधवार को मिर्जापुर से होते हुए काशी पहुंचेगी। गविष्ठी यात्रा के काशी पहुंचने पर जनपद के सभी विधानसभाओं में सनातनी जनता शंकराचार्य का भव्य स्वागत अभिनंदन करने के लिए तैयार है।
मंगलवार शाम को यह जानकारी शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के मीडिया प्रभारी संजय पाण्डेय ने दी। उन्होंने बताया कि यह 81 दिवसीय गविष्ठी यात्रा प्रदेश के समस्त 403 विधानसभाओं में जाएगी। गर्मी के इस मौसम में गौभक्त शंकराचार्य के स्वागत के लिए जगह—जगह तैयार है। गौमाता के प्राणों की रक्षा एवं उनको राष्ट्र एवं राज्यमाता घोषित कराने के लिए निकाली जा रही इस यात्रा को सभी विधानसभाओं में काफी व्यापक जन समर्थन प्राप्त हो रहा है। आमजन शंकराचार्य महाराज के गौभक्ति एवं उनके द्वारा गौरक्षार्थ किए जा रहे तप का उन्मुक्त कंठ से प्रशंसा कर रहे है। बुधवार को गविष्ठी यात्रा काशी में रोहनिया, कैंट, दक्षिणी, उत्तरी होते शिवपुर विधानसभा पहुंचेगी। शंकराचार्य शिवपुर विधानसभा में रात्रि विश्राम करेंगे। एवं अगले दिन गविष्ठी यात्रा अजगर, पिंडरा, सेवापुरी एवं भदोही होते हुए अगले गंतव्य की ओर प्रस्थान करेगी।

