श्री काशी विश्वनाथ मंदिर क्षेत्र में शुरू हुई पीएनजी सेवा, मां अन्नपूर्णा रसोई घर को मिली नई सुविधा
- DSS Admin
- May 17, 2026
वाराणसी, 17 मई (हि.स.)। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर स्थित काशी अन्नपूर्णा अन्नक्षेत्र ट्रस्ट से संचालित मां अन्नपूर्णा रसोई घर यूनिट-1 एवं यूनिट-2 में रविवार को पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) सेवा का शुभारंभ किया गया। यह सुविधा गेल (इंडिया) लिमिटेड की वाराणसी सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन परियोजना के अंतर्गत शुरू की गई है।
पीएनजी सेवा का उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि वाराणसी शहर दक्षिणी के विधायक व प्रदेश के पूर्व मंत्री डॉ नीलकंठ तिवारी, गेल इंडिया के कार्यकारी निदेशक एच.के. गर्ग तथा काशी अन्नपूर्णा मठ के महंत शंकर पुरी महाराज ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर ट्रस्ट के कार्यकारी न्यासी जनार्दन शर्मा सहित गेल इंडिया के कई वरिष्ठ अधिकारी व क्षेत्रीय विशिष्ट जन भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि मां अन्नपूर्णा सेवा ट्रस्ट में पीएनजी सेवा की शुरुआत बड़ी उपलब्धि है। यहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करते हैं और नई व्यवस्था से भोजन निर्माण एवं प्रसाद वितरण अधिक सुरक्षित और सुचारु होगा। गेल इंडिया के एच.के. गर्ग ने बताया कि अब तक दोनों यूनिटों में हर महीने करीब 600 एलपीजी सिलेंडरों का उपयोग होता था।
पीएनजी सेवा शुरू होने से सिलेंडरों पर निर्भरता कम होगी और यह व्यवस्था पर्यावरण के अनुकूल होने के साथ अधिक सुविधाजनक भी साबित होगी। महंत शंकर पुरी महाराज ने गेल इंडिया की टीम को बधाई देते हुए कहा कि मंदिर क्षेत्र की संकरी गलियों में इतनी तेजी से पीएनजी गैस आपूर्ति शुरू करना सराहनीय कार्य है।

