चंदौली के मुजफ्फरपुर गांव पहुंचे केन्द्रीय मंत्री रामदास आठवले, बौद्ध समुदाय के प्रतिनिधियों से मिले
- DSS Admin
- Jun 28, 2026

—महाबोधि महाविहार मुक्ति आंदोलन' के समर्थन में आयोजित कार्यक्रम में हुए शामिल
चंदौली/वाराणसी, 28 जून (हि.स.)। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले रविवार को चंदौली जनपद के चकिया मुज़फ़्फ़रपुर स्थित बौद्ध बिहार में पहुंचे। केन्द्रीय मंत्री 'महाबोधि महाविहार मुक्ति आंदोलन' के समर्थन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के पहले भंते विनाचार्य और उपासिका अर्चना और चकिया विधायक कैलाश आचार्य सहित बौद्ध भिक्षुओं से मुलाकात की।
भंते विनाचार्य ने केन्द्रीय मंत्री का स्वागत कर उन्हें भगवान बुद्ध की प्रतिमा भेंट किया। इस दौरान आयोजित कार्यक्रम में सामाजिक समरसता, शिक्षा और समानता को बढ़ावा देने तथा बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों और आदर्शों को हर व्यक्ति तक पहुँचाने के संकल्प को दोहराया गया। कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री ने मंच से अपने खास अंदाज में कविताएं सुनाईं। उन्होंने कहा कि बौद्ध धर्म सभी लोगों को सामाजिक समरसता, शिक्षा और समानता का संदेश देता है। कार्यक्रम में चकिया विधायक कैलाश आचार्य और बौद्ध उपदेशक विनाचार्य में डॉ भीमराव अंबेडकर के विचारों को लेकर बहस भी हो गई। जिससे कुछ समय के लिए असहज स्थिति उत्पन्न हो गई। चकिया में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने के बाद मंत्री वाराणसी पहुंचे।
---------------

