वाराणसी में ह्रदय योजना के प्याऊ को लेकर गंभीर हुए नगर आयुक्त, लोगों के चेहरे आई मुस्कान
- DSS Admin
- May 15, 2026
वाराणसी, 15 मई (हि. स.)। वाराणसी के नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने हेरिटेज सिटी डेवलपमेंट एंड ऑग्मेंटेशन योजना (हृदय योजना) के प्याऊ जुड़े हिंदुस्थान समाचार के समाचार का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों काे भीषण गर्मी में तत्काल प्याऊ सेवा शुरू करने के लिए निर्देश दिया। इसके बाद सहायक अभियंता आशीष ने शुक्रवार की सुबह रामकटोरा चौराहे पर स्थित प्याऊ को पुनः आरंभ कर दिया।
हृदय योजना के अंतर्गत वाराणसी के रामकटोरा चौराहे पर बनाए गए जनता प्याऊ के बंद होने के कारण स्थानीय लोगों में बेहद नाराजगी थी। लोगों के नाराजगी को दूर करने आए सहायक अभियंता आशीष ने मौके पर ऑपरेटर विशाल से जलापूर्ति शुरू कराई। वहीं स्थानीय लोगों से बात कर सहायक अभियंता ने आगे इस तरह की समस्या न होने का आश्वासन भी दिया।
सहायक अभियंता आशीष ने कहा कि वर्तमान समय में जनता प्याऊ सुचारू रूप से संचालित हो रहा है। यहां लगे तीनों ही नल से जल आपूर्ति हो रही है। किसी प्रकार की कोई समस्या अभी नहीं है। समय- समय पर प्याऊ की टंकी को भी साफ कराया जाएगा। वहीं इसके खराब पड़ी मशीन को जल्द ही शुरू करेंगे। जिससे स्थानीय लोगों को ठंडा पानी उपलब्ध हो सके।
स्थानीय नागरिक घनश्याम उर्फ बबलू ने बताया कि जनता प्याऊ का उपयोग पहले बहुत होता था। यहां के पानी में थोड़ी गंध जैसी आने के कारण लोगों ने पानी पीना बंद किया। अभी भी यहां पर मशीन खराब है। इस कारण से शुद्ध पेयजल उपलब्ध नहीं है। वहीं कुछ लोग अपने-अपने बर्तनों में अथवा बोतलों में पानी ले जा रहे हैं।
---------------

