वंदे मातरम् के रचयिता बंकिमचंद्र चटर्जी की प्रयागराज में स्थापित होगी प्रतिमा : केशव प्रसाद मौर्य
- Admin Admin
- Dec 16, 2025

वंदे मातरम् कोई साधारण महामंत्र नहीं है, यह आंनद मठ की आत्मा : डिप्टी सीएम
प्रयागराज, 16 दिसंबर (हि.स.)। वंदे मातरम् राष्ट्रगीत ही नहीं यह महामंत्र है। इसके रचयिता बंकिमचंद्र चटर्जी चट्टोपाध्याय का प्रयागराज से गहरा नाता है। प्रयागराज में रहने वाले उनके सगे संबंधियों से संपर्क करके उनकी प्रतिमा स्थापित की जाएगी। उक्त बात मंगलवार को हिन्दू आध्यामिक एवं सेवा संस्थान प्रयागराज द्वारा भारत स्काउट गाइड इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित सामूहिक वंदेमातरम गान कार्यक्रम में पहुंचे बतौर मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कही।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम की 150वीं वर्ष गांठ है। वंदे मातरम 16 दिसम्बर 2047 तक आप के हाथों में लक्ष्य निर्धारित कर दिया है। 2047 में जब भारत विकसित राष्ट्र होगा, तब इस देश का संचालन बच्चों आपके हाथ में होगा। विकसित भारत का लक्ष्य निर्धारित हो गया है, जिसे प्राप्त करने की जिम्मेदारी हम सभी की है। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् का महामंत्र सभी को स्मरण रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् का गान करते हुए हमारे कितने वीर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने फांसी के फंदे को चूम लिया, उनकी गिनती भी आज सबको मालूम नहीं है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यह वंदे मातरम् का महामंत्र जो आजादी दिला सकता है वह विकसित राष्ट्र बना सकता है। यह वंदे मातरम का महामंत्र भ्रष्टाचार मुक्त भारत बना सकता है। यह वंदे मातरम का गान भारत को विश्वगुरू बना सकता है। वंदे मातरम् का गान करते जाइए, देश हर क्षेत्र में आगे बढ़ता जायेगा। उन्होंने कहा कि आज यहां पर बकिम चन्द्र चट्टोपाध्याय जी के द्वारा लिखित पूर्ण वंदे मातरम् का अनावरण किया गया है। उन्होंने सभी से इसको पूरा पढ़ने के लिए कहा है
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वी.के सिंह, महापौर उमेश चन्द्र गणेश केसरवानी, विधायक फाफामऊ गुरू प्रसाद मौर्य, विधायक फूलपुर दीपक पटेल, विधायक शहर उत्तरी हर्षवर्धन वाजपेयी, विधान परिषद सदस्य सुरेन्द्र चौधरी, महानगर अध्यक्ष भाजपा संजय गुप्ता, गंगापार अध्यक्ष श्रीमती निर्मला पासवान, यमुनापार अध्यक्ष राजेश शुक्ला , डा.सुनील सिन्हा, सोमकान्त शर्मा, सहित काफी संख्या में स्कूली बच्चे एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल



