नटवां में लहूलुहान मिली महिला की हुई पहचान, दिल्ली से बिहार जाते समय हुई थी लापता

मीरजापुर, 17 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में कटरा कोतवाली क्षेत्र के नटवां में सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली अज्ञात महिला की पहचान हो गई है। महिला दिल्ली के अशोक विहार क्षेत्र निवासी शीला (पत्नी संजय कुमार) है। पहचान होने के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है। परिजन मीरजापुर के लिए रवाना हो चुके हैं।

पुलिस जांच में अब तक सामने आया है कि महिला के साथ दुष्कर्म की घटना नहीं हुई है। आशंका जताई जा रही है कि उसके साथ मारपीट कर लूटपाट की गई और विरोध करने पर हमलावरों ने उसका गला रेतकर हत्या का प्रयास किया। इसके बाद उसे नटवां क्षेत्र में लाकर फेंक दिया गया।

शीला 14 जून को दिल्ली स्थित अपने ससुराल से मायके पूर्णिया (बिहार) जाने के लिए ट्रेन से रवाना हुई थी। वह प्रयागराज तक पहुंची, लेकिन इसके बाद संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। 15 जून को नटवां में सड़क किनारे वह लहूलुहान हालत में मिली। उसके गले पर धारदार हथियार से हमला किया गया था और शरीर पर पहने गए आभूषण भी गायब थे।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया था। हालत गंभीर होने पर उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां उसका ऑपरेशन किया गया। स्वास्थ्य में सुधार होने पर उसने लिखकर अपना नाम और पता बताया, जिसके आधार पर पुलिस ने उसकी पहचान सुनिश्चित की।

अपर पुलिस अधीक्षक नितेश सिंह ने बताया कि महिला की पहचान हो चुकी है। परिजन को सूचना देकर बुलाया गया है तथा घटना में शामिल आरोपितों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।

---------------

   

सम्बंधित खबर