उर्सला अस्पताल की दोनों सड़कों का लोकार्पण, मरीजों को मिलेगी राहत : एमएलसी
- DSS Admin
- May 18, 2026
कानपुर, 18 मई (हि.स.)। जिला अस्पताल उर्लसा में रोजाना आने वाले हजारों मरीजों काे सुगम आवागमन के लिए अस्पताल के दोनों ओर की जर्जर सड़कों का निर्माण कराया गया है। मरीजों को स्ट्रेचर और व्हीलचेयर ले जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था, जिसे देखते हुए सड़क निर्माण का कार्य कराया गया। अस्पताल में डॉक्टर भी काफी व्यवहार कुशल हैं और यहां मरीजों का बेहतर इलाज किया जाता है। आर्यनगर विधानसभा क्षेत्र में अभी कई और विकास कार्य प्रस्तावित हैं, जिन्हें आगे भी कराया जाएगा। यह बातें विधान परिषद सदस्य सलिल विश्नोई ने सोमवार को उर्सला अस्पताल की दोनों सड़कों के लोकार्पण के दौरान कहीं।
शहर के बीचोंबीच बड़ा चौराहा स्थित उर्सला अस्पताल शहर के प्रमुख सरकारी अस्पतालों में शामिल है। यहां प्रतिदिन लगभग पच्चीस हजार से तीस हजार मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। लंबे समय से अस्पताल के दोनों ओर की सड़कें खराब स्थिति में थीं, जिससे मरीजों, तीमारदारों और अस्पताल कर्मियों को परेशानी होती थी।
सलिल विश्नोई ने बताया कि सड़कें खराब होने के कारण मरीजों को वार्ड तक पहुंचाने में दिक्कत आती थी और कई बार इलाज की प्रक्रिया भी प्रभावित होती थी। शिकायत मिलने के बाद मामले को प्राथमिकता पर लेते हुए दोनों ओर सड़क निर्माण कराया गया।
लोकार्पण के दौरान स्थानीय लोग और अस्पताल से जुड़े कर्मचारी भी मौजूद रहे। लोगों ने सड़क निर्माण कार्य होने पर खुशी जताते हुए कहा कि इससे अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को बड़ी राहत मिलेगी।

