गदरपुर में फर्जी करेंसी रैकेट का पर्दाफाश, 4.54 करोड़ के नकली नोट बरामद
- DSS Admin
- May 28, 2026

उधम सिंह नगर, 28 मई (हि.स.)। उधम सिंह नगर पुलिस ने गदरपुर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी करेंसी रैकेट का खुलासा किया है। पुलिस ने 4 करोड़ 54 लाख रुपये मूल्य के नकली नोट बरामद कर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सेफ्टा फार्म रोड पर पंचपुरी के पास कुछ लोग भारी मात्रा में संदिग्ध नोटों के साथ मौजूद हैं। सूचना के आधार पर गदरपुर पुलिस ने तत्काल दबिश दी। मौके से मुंतियाज और मनोज कुमार को हिरासत में लिया गया।
तलाशी के दौरान उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में असली और नकली नोट बरामद हुए। प्रारंभिक जांच में मामला नकली नोटों को बाजार में खपाने और आर्थिक अपराध से जुड़ा पाया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति ने बताया कि जांच में कई गड्डियों के ऊपर भारतीय रिजर्व बैंक के असली 500 रुपये के नोट लगाए गए थे, जबकि नीचे “चिल्ड्रन बैंक ऑफ इंडिया” अंकित नकली नोट रखे गए थे। इस तरीके से आम लोगों को आसानी से धोखा देने की कोशिश की जा रही थी।

