मुख्यमंत्री ने चम्पावत में 65.95 करोड़ रुपये की बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं का किया शिलान्यास
- DSS Admin
- Jul 05, 2026
चम्पावत, 05 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को चम्पावत जिले के बूमघाट में 65.95 करोड़ रुपये की दो बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि शारदा तटबंध परियोजना क्षेत्र के सुरक्षित भविष्य और समग्र विकास की मजबूत नींव साबित होगी।
मुख्यमंत्री ने 60.21 करोड़ रुपये की लागत से बूम से टनकपुर तक शारदा नदी के किनारे बाढ़ सुरक्षा तटबंध निर्माण तथा 5.74 करोड़ रुपये की लागत से पूर्णागिरि तहसील के ग्राम छीनीगोठ की सुरक्षा के लिए हुड्डी नदी पर बाढ़ सुरक्षात्मक दीवार निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने शारदा नदी पर चल रहे बाढ़ सुरक्षा कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को गुणवत्ता तथा समयबद्धता के साथ परियोजनाएं पूरी करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शारदा तटबंध केवल एक निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शारदा कॉरिडोर परियोजना के माध्यम से क्षेत्र को आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। लगभग 3,300 करोड़ रुपये की इस परियोजना के तहत टनकपुर से बनबसा तक शारदा रिवर फ्रंट सहित विभिन्न धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का विकास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, आधुनिक साइंस सेंटर, कृषि महाविद्यालय तथा अन्य विकास परियोजनाओं पर भी तेजी से कार्य किया जा रहा है। साथ ही मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत पूर्णागिरि धाम, शारदा कॉरिडोर, गोल्ज्यू कॉरिडोर और वाराही धाम सहित अनेक धार्मिक स्थलों का विकास किया जा रहा है, जिससे पर्यटन और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सेवा पखवाड़े के अंतर्गत लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा कृषि, उद्यान, पशुपालन, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य शिविर में निक्षय योजना के तहत पांच लाभार्थियों को पोषण किट वितरित की। महिला स्वयं सहायता समूह के स्टॉल पर उन्होंने स्थानीय महिलाओं के साथ पारंपरिक तरीके से रोटी और चटनी भी बनाई।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामंत, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, ब्लॉक प्रमुख आंचल बोरा, जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी एवं दीपक राजवार, जिला प्रभारी गुंजन सुखीजा, जिला सहप्रभारी हिमांशु बिष्ट, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी जी.एस. खाती सहित जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।

