दिल्ली में हुए भीषण अग्निकांड की हो निष्पक्ष जांच

पौड़ी गढ़वाल, 07 जून (हि.स.)। दिल्ली के मालवीय नगर स्थित होटल में हुए भीषण अग्निकांड में 21 लोगों की मौत के बाद मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में होटल के उत्तराखंड मूल के शेफ केशव नेगी की गिरफ्तारी के बाद सवाल उठने लगे हैं।

सामाजिक कार्यकर्ता अलकेश कुकरेती ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा है कि केवल एक कर्मचारी पर जिम्मेदारी डालना उचित नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि बिना वैध फायर एनओसी के होटल का संचालन कैसे हो रहा था और सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसकी जिम्मेदारी है। कहा कि यदि होटल में फायर सेफ्टी नियमों का पालन नहीं हुआ और क्षमता से अधिक कमरे संचालित किए गए, तो इसकी जवाबदेही संबंधित विभागों और प्रशासनिक तंत्र की भी तय होनी चाहिए। उन्होंने इसे सिस्टम की नाकामी का परिणाम बताया।

उन्होंने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मामले का संज्ञान लेने और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी से भी पीड़ित परिवारों की मदद और जांच प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की है। कहा कि यह मामला केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि मानव जीवन की सुरक्षा और प्रशासनिक जवाबदेही से जुड़ा गंभीर विषय है।

   

सम्बंधित खबर