नंदा की चौकी पुल पर 10 दिन में शुरू होगा यातायात: सतपाल महाराज

लोक निर्माण एवं सिंचाई मंत्री ने किया निर्माण कार्य का निरीक्षण

देहरादून, 30 जून (हि.स.)। लोक निर्माण एवं सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने मंगलवार को प्रेमनगर स्थित नंदा की चौकी (टौंस नदी) पुल के पुनर्निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुल का 95 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और इसे अगले 10 दिन के भीतर आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा।

मंत्री महाराज ने बताया कि वर्षा एवं बाढ़ के बाद प्रभावित हुई इस परियोजना का पुनर्निर्माण लगभग 16 करोड़ रुपये की लागत से लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और एनएचएआई के सहयोग से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निर्माण में अधिक सुरक्षित वेल फाउंडेशन तकनीक का उपयोग किया गया है, जबकि नदी के दोनों किनारों पर आरसीसी रिटेनिंग वॉल और पुल के अन्य तीन पिलरों के सुरक्षात्मक कार्य भी कराए जा रहे हैं।

निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता राजेश शर्मा, मुख्य अभियंता रणजीत सिंह व ओमपाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

   

सम्बंधित खबर